उत्तर प्रदेश के आगरा में शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे ने कई परिवारों को गहरे शोक में डुबो दिया। थाना खंदौली क्षेत्र के आगरा–जलेसर रोड स्थित नगला चंदन के पास तेज रफ्तार कंटेनर ने एक के बाद एक दो ऑटो रिक्शा को टक्कर मार दी। इस भीषण दुर्घटना में मौके पर ही पांच लोगों की मौत हो गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए।
दर्शन से लौट रहे थे श्रद्धालु
मिली जानकारी के अनुसार, सहपऊ क्षेत्र के रहने वाले सात लोग 20 जनवरी को जगन्नाथ पुरी यात्रा के लिए रवाना हुए थे। दर्शन के बाद शनिवार को वे जबलपुर से आगरा कैंट रेलवे स्टेशन पहुंचे। वहां से अपने गांव जाने के लिए उन्होंने ऑटो बुक किया था। बताया जा रहा है कि दो ऑटो एक ही दिशा में आगे बढ़ रहे थे, तभी पीछे से आ रहे तेज रफ्तार कंटेनर ने ओवरटेक करते हुए पहले एक ऑटो को टक्कर मारी और फिर संतुलन खोकर दूसरे ऑटो को भी अपनी चपेट में ले लिया।
#आगरा के खंदौली क्षेत्र में आज एक सड़क दुर्धटना में पांच लोगों की मृत्यु हो गई और चार लोग घायल हो गए। आगरा के अपर पुलिस आयुक्त रामबदन सिंह ने बताया-शवो को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों को अस्पताल में भर्ती कराया गया है । पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है। pic.twitter.com/2uHnplQiOD
— AIR News Lucknow (@airnews_lucknow) January 31, 2026
टक्कर से उड़ गए ऑटो के परखच्चे
हादसा इतना भीषण था कि दोनों ऑटो रिक्शा पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो गए। घटना के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई। सूचना मिलते ही खंदौली पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से सभी घायलों को एंबुलेंस के जरिए एसएन मेडिकल कॉलेज और निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया।

चालक गिरफ्तार, जांच जारी
हादसे के बाद मौके पर मौजूद लोगों ने कंटेनर चालक को पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने कंटेनर को कब्जे में ले लिया है और मामले में अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। मृतकों के शव पोस्टमार्टम के लिए भेज दिए गए हैं।
इस हादसे के कारण कुछ समय के लिए जलेसर रोड पर यातायात भी प्रभावित रहा, जिसे पुलिस ने बाद में सुचारू कराया। पुलिस का कहना है कि तेज रफ्तार और लापरवाही इस हादसे की मुख्य वजह प्रतीत हो रही है।