अहमदाबाद, गुजरात: टेनिस प्रीमियर लीग (TPL) सीज़न 7 में हैदराबाद स्ट्राइकर्स की ओर से खेल रहीं उभरती फ्रेंच स्टार कैरोल मोनेट शानदार फॉर्म में हैं। विमेंस सिंगल्स के अपने सभी राउंड टाई जीतने वाली मोनेट ने हाल ही में अपने सफर, यूक्रेन से फ्रांस तक की कहानी, अपने गोद लेने वाले माता-पिता के प्रति आभार, और दुनिया भर के बच्चों को प्रेरित करने की अपनी जिम्मेदारी के बारे में भावुक होकर बात की।
आधिकारिक जानकारी के अनुसार, 24 वर्षीय मोनेट कई अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंटों में हिस्सा ले चुकी हैं और हाल ही में रोलैंड गैरोस 2025 के लिए क्वालीफाई करके पहली बार अपने होम ग्रैंड स्लैम के मुख्य ड्रॉ में जगह बनाई है।
यूक्रेन में जन्मी कैरोल मोनेट दो वर्ष की उम्र में गोद लेकर फ्रांस लाई गई थीं। उन्होंने कहा कि उनका जीवन पूरी तरह बदल गया और वह अपने माता-पिता की बेहद आभारी हैं—क्योंकि उन्हीं की बदौलत आज वह दुनिया भर में यात्रा कर सकती हैं और पेशेवर टेनिस खेल सकती हैं।
उन्होंने कहा,
“मेरे माता-पिता ने मेरे सपने पूरे किए। अगर मैं यूक्रेन में रहती, तो मेरी कहानी अलग हो सकती थी। मैं चाहती हूँ कि दुनिया भर के बच्चे जानें—अगर आप लकी हैं, मेहनत करते हैं और कोशिश जारी रखते हैं, तो आप बहुत कुछ हासिल कर सकते हैं।”
उन्होंने बताया कि उन्होंने आठ साल की उम्र में टेनिस शुरू किया था। इससे पहले वह एथलेटिक्स में थीं, लेकिन टीवी पर रोलैंड गैरोस में नोवाक जोकोविच को खेलते देख उनकी रुचि टेनिस की ओर बढ़ गई।
वर्तमान में विश्व रैंकिंग में 166वें स्थान पर मौजूद मोनेट TPL में अपने बेहतरीन खेल का प्रदर्शन कर रही हैं। उन्होंने विमेंस सिंगल्स राउंड में क्रमशः 18-7, 14-11 और 16-9 से जीत दर्ज करते हुए हैदराबाद स्ट्राइकर्स को शुरू में ही मजबूत स्थिति दिलाई।
अपने प्रदर्शन के बारे में उन्होंने कहा कि TPL का फॉर्मेट उनके खेल शैली पर बिल्कुल फिट बैठता है—शॉर्ट रैलियां, आक्रामक शॉट्स, फर्स्ट सर्व पर फोकस और नेट प्ले।
अहमदाबाद के माहौल की सराहना करते हुए मोनेट ने कहा,
“यहाँ की सतह, लाइटें, स्टेडियम और भीड़—सब कुछ शानदार है। भारतीय लोग बेहद गर्मजोशी से स्वागत करते हैं। यह पूरा सेटअप एक रियल शो जैसा महसूस होता है।”
उन्होंने कहा कि शहर में उपलब्ध बेहतरीन सुविधाएँ युवा भारतीय खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का मौका देती हैं और भविष्य में यहाँ से कई अंतरराष्ट्रीय खिलाड़ी निकल सकते हैं।
अपनी टीम हैदराबाद स्ट्राइकर्स के बारे में उन्होंने कहा,
“टीम का माहौल परिवार जैसा है। टूर पर खिलाड़ी अक्सर खुद में रहता है, लेकिन यहाँ सपोर्ट सिस्टम बहुत मजबूत है। मैं उनकी मदद करती हूँ और वे मेरी—यह एक खूबसूरत टीम स्पिरिट है।”
