26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी पर गुरुवार को भारत में अमेरिका के राजदूत सर्जियो गोर (Sergio Gor) ने हमले में जान गंवाने वाले 166 लोगों को याद करते हुए श्रद्धांजलि दी। उन्होंने स्पष्ट किया कि आतंकवाद के खिलाफ इस लड़ाई में अमेरिका पूरी मजबूती से भारत के साथ खड़ा है। इस आतंकी हमले में मारे गए लोगों में छह अमेरिकी नागरिक भी शामिल थे।
ताज होटल स्मारक और सुरक्षा बलों के साहस को किया याद
अमेरिकी राजदूत सर्जियो गोर ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट लिखकर मुंबई के ताज महल पैलेस होटल स्थित 26/11 स्मारक पर अपनी यात्रा को याद किया। उन्होंने बताया कि इस साल की शुरुआत में वह अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो के साथ वहां गए थे, जहां दोनों ने हमले के पीड़ितों को श्रद्धांजलि अर्पित की और भारतीय सुरक्षा बलों के साहस को सलाम किया। गोर ने कहा कि आतंकवादियों को न्याय के कटघरे तक पहुंचाने के लिए भारत और अमेरिका की कानून प्रवर्तन एजेंसियों का आपसी सहयोग बहुत मायने रखता है।
2008 में चार दिन तक चला था आतंकी अभियान
26 नवंबर 2008 की रात पाकिस्तान स्थित आतंकी संगठन लश्कर-ए-तैयबा के 10 आतंकवादियों ने मुंबई के कई प्रमुख स्थानों पर एक साथ हमला किया था। 29 नवंबर तक चले इन हमलों में छत्रपति शिवाजी टर्मिनस रेलवे स्टेशन, लियोपोल्ड कैफे, दो अस्पतालों, नरीमन हाउस, ताज महल पैलेस और ओबेरॉय-ट्राइडेंट होटल को निशाना बनाया गया। चार दिन तक चली इस घटना में 166 लोगों की जान गई थी और करीब 300 लोग घायल हुए थे। सुरक्षा बलों की जवाबी कार्रवाई में नौ आतंकी मारे गए, जबकि अजमल आमिर कसाब को जिंदा पकड़ा गया था, जिसे 2010 में मौत की सजा मिली और 2012 में फांसी दी गई।
Marco Rubio ने भी की थी होटल के सुरक्षा प्रमुख से मुलाकात
गौरतलब है कि पिछले महीने अक्टूबर में अमेरिकी विदेश मंत्री मार्को रुबियो ने मुंबई दौरे के दौरान ताज महल पैलेस होटल के सुरक्षा प्रमुख सुनील कुडियाडी से मुलाकात की थी। कुडियाडी 2008 के हमले के समय होटल में मौजूद थे और उन्होंने रुबियो को उस दौरान चले लंबे सुरक्षा अभियान का पूरा अनुभव सुनाया था। इस दौरान विदेश मंत्री एस. जयशंकर भी मौजूद थे। भारत अमेरिका आतंकवाद सहयोग के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए रुबियो ने भी स्मारक पर पुष्पांजलि अर्पित की थी।







