Constitution Day 2026: भारत का संविधान केवल कानूनों और नियमों का दस्तावेज नहीं, बल्कि करोड़ों भारतीयों के संघर्ष, सपनों और आकांक्षाओं का प्रतीक है। लंबे स्वतंत्रता संग्राम के बाद देश को एक ऐसा संविधान मिला, जिसने भारत को लोकतांत्रिक व्यवस्था के साथ आगे बढ़ने की मजबूत नींव दी। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने इसे अपनाया था। इसी ऐतिहासिक दिन की याद में हर साल राष्ट्रीय संविधान दिवस मनाया जाता है।
26 नवंबर को क्यों मनाया जाता है संविधान दिवस
भारत में हर साल 26 नवंबर को संविधान दिवस मनाया जाता है। भारत सरकार द्वारा वर्ष 2015 से इस दिन को आधिकारिक रूप से राष्ट्रीय संविधान दिवस के तौर पर मनाने की शुरुआत हुई। 26 नवंबर 1949 को संविधान सभा ने भारतीय संविधान को अपनाया था, जबकि इसे 26 जनवरी 1950 को लागू किया गया। संविधान के शुरुआती स्वरूप में 395 अनुच्छेद, 22 भाग और 8 अनुसूचियां शामिल थीं। इसमें लगभग 90 हजार शब्द थे।
प्रेम बिहारी नारायण रायजादा ने हाथों से लिखा संविधान
भारतीय संविधान की सबसे खास बात यह है कि इसे टाइप या प्रिंट नहीं किया गया था, बल्कि हिंदी और अंग्रेजी दोनों भाषाओं में हाथ से लिखा गया था। इसकी सुंदर लिखावट का जिम्मा प्रेम बिहारी नारायण रायजादा को सौंपा गया था। उन्होंने इसे इटालिक शैली में लिखा और इस काम के लिए कोई पारिश्रमिक नहीं लिया।
रायजादा की शर्त थी कि संविधान के प्रत्येक पृष्ठ पर उनका नाम लिखा जाए। उनकी यह मांग स्वीकार कर ली गई। इस ऐतिहासिक कार्य में उन्होंने 250 से अधिक पेन होल्डर निब का इस्तेमाल किया। इसी के साथ शांतिनिकेतन के कलाकारों ने आचार्य नंदलाल बोस के मार्गदर्शन में संविधान के पन्नों को कलात्मक रूप दिया। वहीं संविधान की हिंदी हस्तलिखित प्रति के सुलेखक वसंत कृष्ण वैद्य थे।
संविधान सभा का गठन और निर्माण की प्रक्रिया
संविधान सभा की पहली बैठक 9 दिसंबर 1946 को हुई। इसके गठन में कैबिनेट मिशन की योजना की महत्वपूर्ण भूमिका रही। सभा में विभिन्न वर्गों और समुदायों को प्रतिनिधित्व दिया गया था। अनुसूचित जातियों के 28 सदस्य भी इसका हिस्सा थे।
दिसंबर 1946 से नवंबर 1949 तक संविधान तैयार करने की प्रक्रिया चली। इस दौरान संविधान सभा के कुल 11 सत्र आयोजित हुए, जिनमें 165 दिनों तक चर्चा हुई। अलग-अलग विषयों पर आठ प्रमुख समितियों ने काम किया।
डॉ. आंबेडकर की अध्यक्षता में तैयार हुआ मसौदा
29 अगस्त 1947 को प्रारूप समिति का गठन हुआ, जिसके अध्यक्ष डॉ. भीमराव आंबेडकर बनाए गए। उन्होंने 4 नवंबर 1948 को संविधान का मसौदा सभा के सामने रखा। इस पर व्यापक चर्चा हुई और हजारों संशोधन प्रस्तावित किए गए।
आखिरकार 26 नवंबर 1949 को संविधान को स्वीकार कर लिया गया। इसके बाद 26 जनवरी 1950 को यह पूरे देश में लागू हुआ। भारतीय संविधान आज भी देश की एकता, लोकतंत्र और नागरिक अधिकारों का आधार है। यह उन अनगिनत संघर्षों और प्रयासों की विरासत है, जिन्होंने भारत को एक संप्रभु लोकतांत्रिक राष्ट्र बनाने में योगदान दिया।
यह भी पढ़ें: पैकेटबंद खाने की चीजों पर लगेंगे चेतावनी निशान, सुप्रीम कोर्ट ने दिए निर्देश







