Food Safety: पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में फैट, शुगर और नमक की अधिक मात्रा को लेकर सुप्रीम कोर्ट ने उपभोक्ताओं की जागरूकता बढ़ाने के लिए अहम निर्देश दिए हैं। अदालत ने कहा है कि जिन खाद्य उत्पादों में निर्धारित सीमा से अधिक फैट, चीनी या नमक मौजूद है, उनके पैकेट के सामने स्पष्ट चेतावनी वाले निशान लगाए जाने चाहिए। इससे ग्राहक किसी भी खाद्य पदार्थ को खरीदने से पहले उसमें मौजूद हानिकारक तत्वों की अधिक मात्रा के बारे में आसानी से जानकारी प्राप्त कर सकेंगे। जस्टिस जेबी पारदीवाला और जस्टिस के. विनोद चंद्रन की पीठ ने भारतीय खाद्य सुरक्षा एवं मानक प्राधिकरण (FSSAI) को इस व्यवस्था को प्रभावी ढंग से लागू करने के लिए आवश्यक कदम उठाने का निर्देश दिया है।
तीन अलग-अलग निशानों से मिलेगी जानकारी
सुप्रीम कोर्ट के निर्देश के मुताबिक, खाद्य पदार्थों के पैकेट पर चेतावनी के लिए षट्कोण (हेक्सागन) का इस्तेमाल किया जाना चाहिए। इन निशानों पर संबंधित खाद्य तत्व की जानकारी और उससे जुड़ी तस्वीर होनी चाहिए। मसलन, अधिक फैट, अधिक शुगर और अधिक नमक के लिए अलग-अलग चेतावनी दी जाएगी। अदालत ने स्पष्ट किया कि यदि किसी खाद्य उत्पाद में इन तीनों तत्वों की मात्रा निर्धारित मानक से ज्यादा है, तो पैकेट पर तीन अलग-अलग चेतावनी चिह्न लगाने होंगे।
FSSAI वैज्ञानिक आधार पर तय करे चेतावनी की सीमा
अदालत ने FSSAI को खाद्य पदार्थों में कुल चीनी (टोटल शुगर) और सैचुरेटेड फैट की मात्रा को आधार बनाकर चेतावनी के मानक निर्धारित करने को कहा है। केवल खाद्य उत्पाद में अलग से मिलाई गई चीनी या फैट के आधार पर सीमा तय नहीं की जानी चाहिए।
कोर्ट ने जोर दिया कि इन मानकों को तैयार करते समय वैज्ञानिक प्रमाणों और शोध को प्राथमिकता दी जाए। चेतावनी की सीमा न तो इतनी कम हो कि लगभग हर उत्पाद पर निशान लगाना पड़े और न ही इतनी अधिक कि ज्यादा फैट, शुगर या नमक वाले उत्पाद भी इसके दायरे से बाहर रह जाएं। अदालत के अनुसार, दोनों स्थितियों में चेतावनी प्रणाली का उद्देश्य प्रभावित हो सकता है।
पैकेट के मुख्य हिस्से पर करीब 4 से 5 फीसदी जगह पर होगा निशान
सुप्रीम कोर्ट ने चेतावनी चिह्नों के आकार को लेकर भी दिशा-निर्देश दिए हैं। प्रत्येक निशान का आकार पैकेट के मुख्य हिस्से का लगभग 4 से 5 प्रतिशत होना चाहिए। इसका उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि खरीदारी के दौरान उपभोक्ताओं की नजर इन चेतावनियों पर आसानी से पड़े। साथ ही, निशान के भीतर लिखे शब्द इतने स्पष्ट और बड़े होने चाहिए कि उन्हें सामान्य रोशनी में आसानी से पढ़ा जा सके।
10 सप्ताह बाद फिर होगी सुनवाई
सुप्रीम कोर्ट ने FSSAI से नए नियमों का मसौदा तैयार करने की दिशा में हुई प्रगति का विवरण मांगा है। प्राधिकरण को 10 सप्ताह के भीतर अपनी रिपोर्ट और हलफनामा अदालत में प्रस्तुत करना होगा। इसके बाद मामले की दोबारा सुनवाई की जाएगी।
क्या है फ्रंट ऑफ पैक वार्निंग लेबल का मामला
यह पूरा मामला फ्रंट ऑफ पैक वार्निंग लेबल (FOPL) व्यवस्था लागू करने से संबंधित है। ‘3S एंड आवर हेल्थ सोसाइटी’ नामक संस्था ने सुप्रीम कोर्ट में याचिका दाखिल कर पैकेटबंद खाद्य पदार्थों में अधिक मात्रा में मौजूद नमक, चीनी और फैट के बारे में उपभोक्ताओं को स्पष्ट चेतावनी देने की मांग की थी। जिससे ग्राहक बिना किसी परेशानी के उत्पाद की पोषण संबंधी कमियों को समझ सकें।
यह भी पढ़ें: वैश्विक शेयर बाजार में भारत की बड़ी उपलब्धि, 64.1 अरब डॉलर पहुंचा NSE का बाजार पूंजीकरण







