IFFI 2026: डिजिटल स्ट्रीमिंग ने बदली सबटाइटलिंग की दुनिया, भारतीय फिल्मों को मिल रहे वैश्विक दर्शक

IFFI 2026

Share This Article

IFFI 2026: गोवा में आयोजित 57वें भारतीय अंतरराष्ट्रीय फिल्म महोत्सव (IFFI) में सबटाइटलिंग की रचनात्मकता, चुनौतियों और वैश्विक सिनेमा में इसकी अहमियत पर विशेष मास्टरक्लास आयोजित की गई। ‘Words Across Borders: Subtitling Across Cultures’ विषय पर प्रसिद्ध सबटाइटल विशेषज्ञ रेख्स ने बताया कि फिल्मों को भाषाई सीमाओं से आगे ले जाने में सबटाइटल की महत्वपूर्ण भूमिका है। पांच भाषाओं में 800 से अधिक फिल्मों का अनुवाद कर चुकीं रेख्स ने इस दौरान अपने अनुभव और कार्यशैली साझा की।

शब्दों से आगे भावनाओं को पहुंचाने की कला

रेख्स के मुताबिक, सबटाइटलिंग महज एक भाषा के शब्दों को दूसरी भाषा में बदलने की प्रक्रिया नहीं है। इसके लिए धैर्य, रचनात्मक सोच, सांस्कृतिक समझ और फिल्म के भावनात्मक पक्ष को पहचानना जरूरी है। उन्होंने कहा कि सटीक अनुवाद के लिए किसी दृश्य को बार-बार देखना पड़ता है। उनके अनुसार, बेहतर सबटाइटल तैयार करने में लगातार समीक्षा और सुधार की अहम भूमिका होती है।

डिजिटल दौर में बढ़ा सबटाइटलिंग (Subtitling) का दायरा

मास्टरक्लास में उन्होंने बताया कि ओटीटी (OTT) प्लेटफॉर्म के लोकप्रिय होने से पहले सबटाइटल का इस्तेमाल मुख्य रूप से उन फिल्मों में होता था, जिन्हें पुरस्कार समारोहों के लिए भेजा जाता था। डिजिटल स्ट्रीमिंग ने इस स्थिति को बदल दिया है। अब क्षेत्रीय भाषाओं की फिल्में भी अंतरराष्ट्रीय दर्शकों तक पहुंच रही हैं। हालांकि, उन्होंने ओटीटी प्लेटफॉर्म पर मूल सबटाइटल में बदलाव किए जाने को लेकर चिंता जताई। उनका मानना है कि अनुवाद में मूल अर्थ और भावनात्मक प्रभाव सुरक्षित रहना चाहिए।

रचनात्मकता और बारीकियों का महत्व

रेख्स ने अपनी कार्यशैली बताते हुए कहा कि सबटाइटलिंग के लिए कोई एक तय नियम नहीं है। वह गीतों के अनुवाद में तुकबंदी बनाए रखने की कोशिश करती हैं, ताकि गीत और संवाद के बीच अंतर स्पष्ट रहे। इसके अलावा, वह छोटे वाक्यों को ऊपर और लंबे वाक्यों को नीचे रखने वाली पिरामिड जैसी संरचना अपनाती हैं। बेहतर दृश्यता के लिए पीले रंग के सबटाइटल उनकी पसंद हैं।

उन्होंने तमिल भाषा के समान उच्चारण वाले शब्दों का उदाहरण देते हुए बताया कि मामूली ध्वनि अंतर भी अर्थ पूरी तरह बदल सकता है। फिल्म ‘कबाली’ में रजनीकांत की हंसी के अलग-अलग भावों को व्यक्त करने के लिए उन्होंने विशेष अभिव्यक्तियों का सहारा लिया था।

कृत्रिम बुद्धिमत्ता (AI) के दौर में मानवीय समझ जरूरी

रेख्स ने सबटाइटलिंग को समावेशन का माध्यम बताते हुए श्रवण दिव्यांग दर्शकों के लिए इसकी उपयोगिता पर भी प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि सांस्कृतिक संदर्भों और रिश्तों को समझे बिना शब्दशः अनुवाद करना उचित नहीं है।

एआई (AI) आधारित सबटाइटलिंग पर चिंता जताते हुए उन्होंने कहा कि तकनीक कई बार अर्थ, लैंगिक संदर्भ और दृश्य की भावनात्मक पृष्ठभूमि को सही ढंग से नहीं समझ पाती। उन्होंने कहा “एआई शब्दकोश को जानता है, लेकिन वह नाटक या आत्मा की भावना को नहीं जानता।”

यह भी पढ़ें: 26/11 मुंबई आतंकी हमले की बरसी आज, राष्ट्रपति द्रौपदी मुर्मू और उपराष्ट्रपति ने शहीदों को दी श्रद्धांजलि

0 0 votes
Article Rating
Subscribe
Notify of
guest
0 Comments
Oldest
Newest Most Voted

Live Channel

Advertisement

[wonderplugin_slider id=1]

Live Poll

[democracy id="2"]

Also Read This